राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी की पत्नी और रसोइया से साइबर अपराधियों ने कथित रूप से 1.80 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पीड़ितों को अपनी पहचान बेंगलुरु में फर्नीचर की एक दुकान के मालिक राहुल के रूप में कराई थी। आईपीएस अधिकारी ने अपनी शिकायत में कहा, ”30 अक्टूबर को एक ऑनलाइन एप्लीकेशन पर एक व्यक्ति ने खुद को खरीदार के रूप प्रस्तुत कर मेरी पत्नी और रसोइया से साइबर धोखाधड़ी की।” सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता की पत्नी ने लकड़ी का सामान बेचने के लिए एक ऑनलाइन विज्ञापन दिया था, जिसके लिए आरोपी ने उन्हें फोन किया था।
सूत्र ने बताया, ”आरोपी ने महिला के बैंक खाते से एक लाख सात हजार रुपये और अधिकारी के रसोइया के खाते से 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।” राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी गई है, जिसे नयी दिल्ली जिला साइबर अपराध थाने में भेज दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



