Paharganj Chuna Mandi Fire Accident: सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के पहाड़गंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय एक बीमार बुजुर्ग तीसरी मंजिल पर फंस गए। जब तक दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग में झुलसकर बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पीसीआर की मदद से आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. कशिश अरोड़ा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त रमेश कुमार (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। वहीं हादसे में पड़ोसी नरेश (58) मामूली रूप से घायल हो गए।
दमकल की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रमेश कुमार, पिछले काफी समय से लकवाग्रस्त थे। हादसे के समय वह घर पर अकेले थे और उन्होंने घर का दरवाजा भी अंदर से बंद था। वहीं पड़ोसियों ने बीट स्टाफ की मदद से ऊपरी मंजिलों पर फंसे तीन अन्य लोगों को सुरक्षित निकाला। पहाड़गंज थाना पुलिस ने आग लगने के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के बाद आग लगने की आशंका शॉर्ट सर्किट के चलते लगाई जा रही है। पुलिस आग की सही कारणों का पता लगा रही है।
डीसीपी रोहित राजबीर ने बताया कि उनकी टीम को 2.41 बजे जानकारी मिली कि गली नंबर-4, चूना मंडी के एक चार मंजिला मकान की तीसरी मंजिल पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम वहां पहुंची। इस बीच दमकल की टीम भी वहां पहुंच गई। कुछ ही देर बाद 3.10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। चार मंजिला इमारत करीब 25 गज की बनी हुई थी। इसकी तीसरी और चौथी मंजिल पर रमेश कुमार का परिवार रहता था। रमेश के परिवार में पत्नी शीला देवी के अलावा दो बेटे रोहित और नरेश हैं। इमारत में आग लगी तो रोहित व नरेश काम पर गए थे। पत्नी बाजार कुछ सामान लेने गई थीं। जाते समय उन्होंने पति से अंदर की कुंडी भी लगाने के लिए कह दिया था।


Download Android App
Download iOS App




