नई दिल्ली : वेतन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए (उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सबसे बड़े अस्पताल) हिंदूराव के डॉक्टरों के कारण मरीजों को उपचार के लिए दर-दर भटकना पड़ा। हालांकि डॉक्टरों ने मरीजों की जरूरत को देखते हुए प्रशासनिक ब्लॉक में ओपीडी की वैकल्पिक व्यवस्था की थी, लेकिन यह जरूरत के आधार पर पर्याप्त नहीं रही।
इस अस्पताल में रोजाना चार हजार के करीब मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं रही। अस्पताल की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के महासचिव डॉ. संजीव चौधरी का कहना है कि समय पर वेतन देने, पीने का साफ पानी देने, डॉक्टरों को सुरक्षा देने, जूनियर डॉक्टर व सीनियर डॉक्टरों के लिए समय-समय पर साक्षात्कार करवाने के संबंध में प्रशासन से लगातार बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया है।
ऐसे में परेशान होकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि जबतक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, हमारा वेतन अकाउंट में नहीं आ जाता, उनकी हड़ताल जारी रहेगी। मरीजों को किसी प्रकार की समस्या न हो इसे देखते हुए डॉक्टरों ने प्रशासनिक ब्लॉक में टेंट लगाकर ओपीडी चलाई। साथ ही विरोध प्रदर्शन भी किया।
जल्द खत्म हो सकती है हड़ताल
हिंदूराव अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल मंगलवार तक खत्म हो सकती है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम आयुक्त वर्षा जोशी का कहना है कि दिल्ली सरकार की तरफ से पहली तिमाही की किश्त के रूप में 206 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। वहीं अन्य अधिकारी का कहना है कि इससे जल्द ही वेतन दे दिया जाएगा।
मिला ‘फोर्डा’ का समर्थन
हिंदूराव अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों की स्ट्राइक को फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) का भी समर्थन मिल गया है। फोर्डा के प्रेजिडेंट डॉ. सुमेध का कहना है कि दिल्ली सरकार व निगम के अस्पतालों में अक्सर वेतन की समस्या रहती है। डॉक्टरों की मांग के बाद भी केवल आश्वासन ही मिलता है। उन्होंने कहा कि वेतन समय पर न मिलने के कारण घर चलाना मुश्किल हो जाता है। हम हिंदूराव अस्पताल के डॉक्टरों के फैसले का स्वागत करते हैं और पूरी तरह से उनके साथ खड़े हैं।
बढ़ेगी और समस्या… हिंदूराव अस्पताल में आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ेगी। रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के बाद अब सीनियर डॉक्टर एसोसिएशन भी हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहा है। म्युनिसिपल डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आर आर गौतम का कहना है कि उन्हें भी तीन माह से वेतन नहीं मिला है।
बिना वेतन घर चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में हम भी जल्द जनरल बॉडी मीटिंग करके हड़ताल की घोषणा कर सकते हैं। बता दें कि फिलहाल अस्पताल में सीनियर डॉक्टर ही मरीजों का उपचार कर रहे हैं। यदि यह डॉक्टर भी हड़ताल पर जाते हैं तो मरीजों की समस्या और भी बढ़ जाएगी। इन डॉक्टरों के अलावा अन्य स्टाफ भी हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



