एयर इंडिया में नौकरी का झांसा देकर ठगी, लक्ष्मी नगर में खुला था फर्जी कॉल सेंटर

Summary :

Cheated By Promising A Job In Air India : एयर इंडिया में ग्राउंड स्टाफ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर देशभर के बेरोजगार युवक-युवतियों से ठगी करने वाले गिरोह का पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी लक्ष्मी नगर इलाके में ठगी के लिए फर्जी कॉल सेंटर खोला हुआ था। यहां से बल्क में लोगों के पास फोन किए जाते। आरोपी खुद को एयर इंडिया के एचआर विभाग से जुड़ा बताकर नौकरी का लालच देकर जाल में फंसाते। जिसके बाद रजिस्ट्रेशन समेत अलग-अलग बहानों से रकम वसूलते थे। डीसीपी (ईस्ट) राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के…

Cheated By Promising A Job In Air India : एयर इंडिया में ग्राउंड स्टाफ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर देशभर के बेरोजगार युवक-युवतियों से ठगी करने वाले गिरोह का पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी लक्ष्मी नगर इलाके में ठगी के लिए फर्जी कॉल सेंटर खोला हुआ था। यहां से बल्क में लोगों के पास फोन किए जाते। आरोपी खुद को एयर इंडिया के एचआर विभाग से जुड़ा बताकर नौकरी का लालच देकर जाल में फंसाते। जिसके बाद रजिस्ट्रेशन समेत अलग-अलग बहानों से रकम वसूलते थे।

डीसीपी (ईस्ट) राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद जैद (30), सदफ (24) और तनीषा (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 स्मार्टफोन, 3 बटन वाले मोबाइल फोन, 25 हजार रुपये नकद और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में आरोपियों के खिलाफ देशभर से मिली तीन साइबर ठगी की शिकायतें लिंक हुई हैं।

डीसीपी के मुताबिक, पुलिस को एनसीआरपी पोर्टल के जरिए ठगी की शिकायत मिली थी। झारखंड निवासी एक युवक ने शिकायत में बताया कि उसे एयर इंडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर 14,500 रुपये ठग लिए गए। जांच के दौरान पुलिस ने रकम के लेनदेन और निकासी की जानकारी खंगाली। ठगी की रकम जिस बैंक खाते में पहुंची थी, उससे लक्ष्मी नगर स्थित एक एटीएम से पैसे निकाले गए थे। जांच आगे बढ़ी तो खाता वजीराबाद निवासी मोहम्मद जैद के नाम पर मिला।

वहीं, पुलिस ने उसे लक्ष्मी नगर इलाके से दबोच लिया। पूछताछ में जैद ने खुलासा किया कि वह सदफ और तनीषा के साथ मिलकर ठगी का नेटवर्क चला रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने लक्ष्मी नगर स्थित फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर दोनों युवतियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने बेरोजगारों को अपना शिकार बनाया और कितनी रकम ठगी। आरोपियों के मोबाइल और सिम कार्ड की भी जांच की जा रही है।

Sumant Chaudhary