BRICS Summit : ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। सम्मेलन से जुड़े प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई से लेकर सड़क, फुटपाथ, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, हरियाली और सार्वजनिक शौचालय तक की व्यवस्था की निगरानी चौबीसों घंटे की जाएगी। इसके लिए 41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किल में बांटकर प्रत्येक सर्किल में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने सोमवार को तैयारियों की समीक्षा के बाद बताया कि नोडल अधिकारी अपनी टीम के साथ रोज क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कराया जाएगा। वास्तविक समय में नागरिक सेवाओं की निगरानी के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी काम करेगा। सीसीटीवी, फील्ड रिपोर्ट और वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के जरिए व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।
सम्मेलन के मद्देनजर 9 से 14 सितंबर तक अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और विशेष रात्रि टीमों की तैनाती होगी। सड़कों की सफाई के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपर, गोबलर, राइड-ऑन स्वीपर और स्क्रबर सहित विभिन्न मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत वाले स्थानों पर अस्थायी डस्टबिन और मोबाइल शौचालय भी लगाए जाएंगे। नई दिल्ली को आकर्षक स्वरूप देने के लिए 15 स्थानों पर फूलों से सजे बोर्ड और नौ स्थानों पर फ्लोरल फाउंटेन लगाए जाएंगे। 17 गोलचक्करों पर विशेष सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग होगी। मौसमी फूल लगाने, खाली स्थानों को हरा-भरा करने और झाड़ियों की छंटाई का काम भी किया जाएगा। सड़कों के गड्ढे और फुटपाथ ठीक करने के साथ रेलिंग, रोड साइन और स्ट्रीट फर्नीचर की मरम्मत की जाएगी।
सभी चिन्हित सार्वजनिक शौचालयों की जांच होगी। स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने के साथ बैकअप बिजली और किसी खराबी को तुरंत ठीक करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात रहेंगी। मानसून को देखते हुए जलभराव रोकने और वर्षा जल निकासी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की तैनाती के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और मच्छर नियंत्रण अभियान भी चलाया जाएगा। एनडीएमसी 154 डिजिटल स्क्रीन और करीब 83 सार्वजनिक शौचालयों पर ब्रिक्स से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करेगा। अतिक्रमण, अनधिकृत होर्डिंग और अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान भी चलेंगे। ब्रिक्स बाजार, रन एंड राइड, म्यूरल एवं पेंटिंग और फूड फेस्टिवल के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।



Download Android App
Download iOS App




