नई दिल्ली : दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को मेट्रो में पिंक टोकन से मुफ्त सफर का तोहफा मिल सकता है। हालांकि यह ट्रायल बेस पर होगा जिसकी शुरुआत पूर्वी दिल्ली से होने की संभावना है। इस कोशिश के तहत कुछ पिंक टोकन तैयार करवाए जा सकते हैं जिन्हें कुछ महिलाओं को दिया जाएगा। साथ ही उन महिलाओं के सफर पर नजर रखी जाएगी और उनसे फीडबैक लिया जाएगा। उसी फीडबैक के आधार पर दिल्ली मेट्रो आगे का प्रयास करेगी।
इस संबंध में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मेट्रो प्रशासन विचार कर रहा है कि महिलाओं को मुफ्त सफर देने के लिए कुछ टोकन तैयार करवाए जाए। यह टोकन सामान्य मेट्रो टोकन की तरह ही होंगे। हालांकि इनका रंग पिंक होगा जिसके एक तरफ दिल्ली मेट्रो का लोगो होगा वहीं दूसरी तरफ आप की सरकार का लोगो हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास के दौरान यह देखा जाएगा कि पिंक टोकन की सुविधा को कैसे लागू किया जा सकता है।
यह टोकन केवल दिल्ली की महिलाओं को देना है। ऐसे में टोकन देने से पहले महिला की पहचान भी की जाएगी। यह पहचान कैसे होगी, किन महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और उसे कितनी देर तक मेट्रो में रहने की अनुमति दी जाएगी, योजना को प्रभावी बनाने के लिए कितने स्टाफ की जरूरत होगी, यह सब तय किया जाएगा।
– राकेश शर्मा


Download Android App
Download iOS App



