दक्षिणी दिल्ली : जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब खेल के दौरान ही स्टेडियम परिसर में आग लग गई। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन लोधी कॉलोनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दमकल के अधिकारियों ने बताया कि जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आग लगने की सूचना दोपहर 12.45 बजे मिली थी, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया था। इसके अलावा खेलो इंडिया कार्यक्रम के आयोजन के कारण वहां एक दमकल की गाड़ी पहले से ही मौजूद थी।
दमकल सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 1.25 मिनट तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। प्रथम दृष्टया शॉट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, क्योंकि आग लगने वाली घटना के बगल में ही बिजली उपकरणों का कक्ष है। हालांकि मानवीय लापरवाही को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आग स्टेडियम की दूसरी मंजिल पर लगी थी, जहां किसी ऑफिस के पुनर्निमाण का काम चल रहा था। वहां घटना के दौरान कई मजदूर भी मौजूद थे, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है। स्थानीय सूत्रों की मानें तो जेएलएन में इन दिनों खेलो इंडिया कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें कई राज्यों से खिलाड़ी आकर हिस्सा ले रहे हैं। अगर आग को समय पर काबू न किया जाता, तो एक बड़ी दुर्घटना घट सकती है। घटना के दौरान स्टेडियम में सैकड़ों दर्शक और खिलाड़ी मौजूद थे, हालांकि दमकल के समय से कार्रवाई और पुलिस की मौजूदगी से कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस पूरे कार्यक्रम को प्रोत्साहन देने में जुटे हुए हैं।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



