नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा के पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने और उनकी राय लेने के लिए मयूर विहार और शाहदरा जिले में दिल्ली के भाजपा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावेडकर ने एक बैठक आयोजित की। प्रदेश भाजपा की इस बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
इस बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू, संगठनमंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महांमत्री राजेश भाटिया और कुलजीत चहल भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रकाश जावडेकर और श्याम जाजू ने जिला के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों और निगम पार्षदों से विधानसभा चुनावों की तैयारियों और अन्य मुद्दों पर राय ली। साथ उन्होंने चुनावों के मद्देनजर लोगों से ज्यादा से ज्यादा संपर्क करने और उनकी समस्याएं सुनने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा संगठन को कमजोर करने वाली बातों पर कतई ध्यान न दिया जाए।
बैठक में मौजूद भाजपा पदाधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया की इस बार चुनावों में पैराशूट कैंडीडेट न उतारे जाएं। कुछ लोगों ने यह भी कहा की निगम पार्षद को अपने-अपने क्षेत्र में कार्य करने चाहिए और लोगों से मुलाकात करनी चाहिए। विधानसभा चुनावों की तैयारियों और लोगों की राय जानने के लिए प्रत्येक जिले में इस प्रकार की बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों के सकारात्मक परिणाम भी दिखायी दे रहे हैं। यहां पदाधिकारी खुलकर अपने विचार रख रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



