Rajan Babu TB Hospital : राजन बाबू टीबी अस्पताल में उपचार के लिए जाने से पहले पंखे और कूलर का इंतजाम खुद कर लें, अन्यथा अस्पताल पहुंचने के बाद आपको भीषण गर्मी में तपना पड़ेगा। अस्पताल में गर्मी से बचाव के लिए एसी, कूलर जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। टीबी अस्पताल में सैकड़ों मरीज गर्मी में तप रहे है।
वार्ड में लगे पंखे इतनी ऊंचाई पर लगाए गए है। उनकी हवा ही मरीज तक नहीं पहुंच पाती है। ऐसे में मजबूरन तीमारदार टेबल फैन खरीद कर मरीज के बिस्तर के पास हवा का इंतजाम कर रहे है। गर्मी की मार और अव्यवस्था के चलते अस्पताल के बाहर टेबल फैन का कारोबार खूब फल फूल रहा है।
पंजाब केसरी के रियलिटी चेक में सामने आया कि अस्पताल के मेल और फीमेल किसी वार्ड में कूलर की व्यवस्था नहीं है। यहां तक की वार्ड में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के लिए भी कूलर दिखाई नहीं दिए।
मरीज से लेकर डॉक्टर तक सब गर्मी से परेशान थे। हालांकि अस्पताल के वार्ड एरिया में एक गार्ड के लिए कूलर की व्यवस्था की गई थी। मरीज अस्पताल में मिलने वाली सुविधा से पूरी तरह असंतुष्ट नजर आए।
अस्पताल में इलाज के लिए आए एक मरीज ने बताया कि वह बीमारी के साथ साथ गर्मी से परेशान हो चुके है। इतना बड़ा अस्पताल है, सरकार टीबी मुक्त भारत के लिए प्रयास कर रही है। लेकिन इस अस्पताल में टीबी मरीजों के लिए गर्मी से बचाव तक का इंतजाम नहीं है।
इतनी भीषण गर्मी में इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। वहीं अस्पताल में पंखा खरीद कर ला रहे एक तीमारदार ने बताया कि उनका मरीज वार्ड नंबर 4 में भर्ती है। वह अस्पताल के बाहर से 1500 रुपए का टेबल फैन खरीद कर लाए है। मरीजों के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार तो नहीं होना चाहिए। इतनी गर्मी में मरीज को रात भी बैठकर गुजारनी पड़ती है।
हिंदू राव अस्पताल के हाल थोड़े बेहतर
दिल्ली नगर निगम के दूसरे अस्पताल हिन्दू राव में हालात थोड़े बेहतर लगें। हिंदू राव के हर वार्ड में जम्भो साइज के लिए कूलर मरीजों के लिए लगाए गए थे। लेकिन भीषण गर्मी के आगे यह कूलर भी खास राहत मरीजों को नहीं पहुंचा पा रहे थे। यहां भी लगभग हर मरीज ने अपने बिस्तर के पास टेबल फैन लगाया हुआ था।
अस्पताल डायरेक्टर बोले – टीबी मरीजों को एसी की जरूरत नहीं
जब अस्पताल में गर्मी और अव्यवस्था को लेकर अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर अशोक कुमार से उनका पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को एसी की आवश्यकता नहीं होती है। जहां तक पंखे की बात है। पंखे खराब होने पर ठीक करा दिए जाते है।
ववीता चौहान
यह भी पढ़ें : दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन चुनाव के दौरान प्रिंटेड सामग्री पर रहेगी पूरी तरह से रोक



Download Android App
Download iOS App




