2025 दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को यह घोषणा की कि ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ और ‘संजीवनी योजना’ के लिए पंजीकरण कल से राष्ट्रीय राजधानी भर में शुरू हो जाएगा। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाली महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह प्रदान करने वाली महिला सम्मान योजना के लिए पंजीकरण कल से शुरू होगा। केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आपको कहीं भी कतार में लगने की जरूरत नहीं है। हम पंजीकरण के लिए आपके पास आएंगे। हमने दिल्ली भर में टीमें बनाई हैं। हम महिलाओं को योजना के लिए पंजीकरण करने में मदद करेंगे और उन्हें कार्ड प्रदान करेंगे।
संजीवनी योजना के लिए पंजीकरण भी कल से शुरू होगा, जो 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के इलाज में सहायक होगी। केजरीवाल ने कहा कि हमने संजीवनी योजना की भी घोषणा की है, जिसके तहत दिल्ली सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के निजी या सरकारी अस्पतालों में इलाज का खर्च वहन करेगी।
दोनों योजनाओं से 35 से 40 लाख महिलाओं और करीब 15 लाख बुजुर्गों को फायदा हो सकता है। आप संयोजक ने कहा, “हमारी टीम घर-घर जाकर संजीवनी योजना और महिला सम्मान योजना के लिए पंजीकरण करेगी। इसके लिए दिल्ली का वोटर कार्ड होना जरूरी है।
केजरीवाल ने शनिवार को दलित छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए डॉ. अंबेडकर छात्रवृत्ति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस छात्रवृत्ति योजना के तहत दिल्ली सरकार दलित छात्रों के दुनिया भर के शीर्ष विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने के बाद उनके खर्च को वहन करेगी। उन्होंने कहा कि दलित समुदाय के सरकारी कर्मचारी भी इस छात्रवृत्ति का लाभ उठा सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



