नेशनल टेस्टिंग एजेंसी कई उम्मीदवारों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए अब कंप्यूटर विज्ञान और अनुप्रयोग उप कोड -87 की परीक्षा दोबारा से आयोजित करवाएगी। यह परीक्षा केवल उन छात्रों के लिए आयोजित करवाई जा रही है जो हंगामे और नेटवर्क में आई बाधा के कारण शनिवार को अपनी परीक्षा नहीं दे सके। यूजीसी नेट की परीक्षाएं रविवार को भी जारी हैं। इससे पहले शनिवार को दिल्ली के एक परीक्षा केंद्र पर नेटवर्क की समस्या के कारण 1 घंटे से भी अधिक का विलंब हुआ था। इस बीच कुछ उम्मीदवार बेचैन और हिंसक हो गए थे।

12 मार्च को होगी चौथे चरण की परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 70 विषयों के लिए यूजीसी नेट दिसंबर 2022 के पहले दूसरे और तीसरे चरण की परीक्षाओं का आयोजन किया है। अब रविवार 12 मार्च 2023 को यूजीसी नेट के चौथे चरण की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। शनिवार को भी देश भर में चौथे चरण के लिए 62,212 उम्मीदवारों की समाजशास्त्र और कंप्यूटर विज्ञान की परीक्षाएं थी। यूजीसी के मुताबिक यह परीक्षाएं 229 केंद्रों पर निर्धारित की गईं। दिल्ली के ब्रिलियंस एडवांस स्टडीज, केंद्र में, पहली पाली में, आवंटित 350 उम्मीदवारों में से, 249 उम्मीदवार उपस्थित हुए। यह परीक्षा बिना किसी समस्या के दोपहर 12 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
नेटवर्क के कारण परीक्षा देने में आई थी परेशानी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की वरिष्ठ निदेशक (परीक्षा) डॉ. साधना पराशर के मुताबिक इस केंद्र पर दूसरी पाली की परीक्षा भी निर्धारित समय पर शुरू हुई, जिसमें आवंटित 363 में से 233 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। हालांकि, नेटवर्क समस्याओं के कारण लगभग 4 बजकर 40 मिनट पर परीक्षा बाधित हुई। नेटवर्क की समस्या को हल करने के लिए लगभग 1 घंटा 10 मिनट लगा। लूपिंग समस्या का निदान किया गया और सुधार किया गया और शाम 5 बजकर 50 मिनट पर परीक्षा फिर से शुरू की गई। डॉ. साधना पराशर के मुताबिक इस बीच, कुछ उम्मीदवार बेचैन और हिंसक हो गए और उन्होंने एमसीबी को बंद कर दिया, जिससे नेटवर्क समस्या के निवारण की प्रक्रिया में देरी हुई।
जल्द ही नई तिथि का होगा ऐलान
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बताया कि इस परीक्षा केंद्र पर कुल 77 उम्मीदवारों ने परीक्षण पूरा किए बिना केंद्र छोड़ दिया, जबकि 156 ने परीक्षा फिर से शुरू होने के बाद पूरी की। हालांकि, उम्मीदवारों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अब कंप्यूटर विज्ञान और अनुप्रयोग (उप कोड -87) के शेष 77 प्रभावित उम्मीदवारों के लिए परीक्षा को फिर से निर्धारित करने का निर्णय लिया है। इन उम्मीदवारों से अलग-अलग संपर्क किया जा रहा है। पुनर्निर्धारित परीक्षा की संशोधित तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।



Download Android App
Download iOS App



