RSS के नए कार्यालय ‘केशव कुंज’ का आज होगा उद्घाटन, 4000 से अधिक लोग और कई नेता होंगे शामिल

Summary :

उद्घाटन समारोह कार्यक्रम दोपहर 4 बजे के बाद शुरू होगा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नए दिल्ली कार्यालय ‘केशव कुंज’ का बुधवार को उद्घाटन होगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 4 बजे के बाद शुरू होगा, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा हिस्सा लेंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत के अलावा सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।

उद्घाटन समारोह में आरएसएस से जुड़े करीब 4000 लोग शामिल होंगे। दिन भर पूजा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत इस नए कार्यालय में दिल्ली प्रांत की पहली बैठक करेंगे। यह नया कार्यालय करीब चार एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें 12 मंजिला तीन टॉवर, लगभग 300 कमरे और कार्यालय बनाए गए हैं। यहां 270 गाड़ियों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था है।

नए आरएसएस कार्यालय में आधुनिक सुविधाओं के साथ पारंपरिक भारतीय वास्तुकला का संयोजन किया गया है। यह भवन करीब 5 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें टॉवर, ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, अस्पताल और एक हनुमान मंदिर भी शामिल हैं। इस भव्य इमारत का निर्माण सार्वजनिक दान से हुआ है, जिसमें 75,000 से अधिक लोगों ने अपना योगदान दिया। निर्माण कार्य में लगभग आठ साल लगे और इसकी कुल लागत करीब 150 करोड़ रुपये आई है।

आरएसएस के इस नए कार्यालय को गुजरात के प्रसिद्ध वास्तुकार अनूप दवे ने डिजाइन किया है। इसमें हवादार संरचना और प्राकृतिक रोशनी की पूरी व्यवस्था की गई है। तीनों टॉवर का नाम ‘साधना’, ‘प्रेरणा’ और ‘अर्चना’ रखा गया है। जैसे ही कोई संघ कार्यालय में प्रवेश करेगा, सबसे पहले ‘साधना’ टॉवर आएगा, उसके बाद ‘प्रेरणा’ और अंत में ‘अर्चना’ टॉवर होगा।

आरएसएस पिछले आठ वर्षों से किराए के परिसर में अपनी गतिविधियों का संचालन कर रहा था। अब नए और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कार्यालय में कामकाज शुरू होगा। संघ के इस नए केंद्र को संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तैयार किया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.