नई दिल्ली : संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में हो रह बवाल के बीच आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कुछ सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सही सवाल, हममें से कितने लोगों के पास नगर निगम, पंचायत या अस्पताल का जन्म प्रमाणपत्र है?
स्कूल द्वारा जारी किया जन्म प्रमाण पत्र नहीं चलेगा क्योंकि उसमें जन्मतिथि होती है, जन्म स्थान नही। दिल्ली में विधानसभा चुनाव को देखते हुए डिप्टी सीएम ने शनिवार को पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की भी शुरुआत की। शिक्षामंत्री ने अपनी विधानसभा में विशाल पदयात्रा की जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे।
डिप्टी सीएम की अगुआई में यह पदयात्रा पटपड़गंज की रेलवे कॉलोनी और मंडावली से होते हुए श्री राम चौक पहुंची। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ‘अच्छे बीते पांच साल, लगे रहो केजरीवाल के नारे लगाये। सिसोदिया को पटपड़गंज के लोगों का भी भरपूर सहयोग मिला और वे कदम से कदम मिलाकर गलियों में उनके साथ चले। पदयात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने हर गली-नुक्कड़ पर बुजुर्गों, जवानों, महिलाओं और बच्चों से मुलाकात कर उनकी राय जानी। साथ ही क्षेत्र की अन्य समस्याओं के बारे में बात की।


Download Android App
Download iOS App



