नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ज्वाइन करने वाले आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व विधायक कपिल मिश्रा को आम आदमी पार्टी ने भाजपा का एजेंट बताया है। ग्रेटर कैलाश से आप विधायक और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस दिन ये बात सामने आई थी कि कपिल मिश्रा ने दिल्ली जलबोर्ड में गड़बड़ी करके पार्टी को निगम चुनावों में हराने का षड्यंत्र रचा था, तभी से हमे पता था ये भाजपा के एजेंट हैं।
जब इन्हे मंत्री पद से हटाया गया तो इन्होंने कई अनर्गल आरोप लगाए। हमने तब भी यही कहा था कि ये भाजपा की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। तब ये कसम खाते थे की ये कभी भाजपा में नहीं जाएंगे। ये तो पिछले हफ्ते भी हाईकोर्ट में दुहाई दे रहे थे कि इनका भाजपा से कोई लेना देना नहीं।
भारद्वाज ने कहा कि हमे खुशी है कि अंत में इनका असली चेहरा लोगों के सामने आ ही गया और ये भी पता चल गया कि इनके सभी नाटक और घटिया आरोप भाजपा द्वारा प्रायोजित और निर्देशित थे। पिछले कुछ सालों में इनकी छवि एक हल्के और झूठे नेता की बनी है, इसका अहसास सबको है। वहीं उन्होंने ऋचा पांडेय मिश्रा के भाजपा ज्वाइन करने पर कहा कि हमें दुख है कि जिस पार्टी ने उन पर इतना भरोसा किया, उन्होंने उसी पार्टी को धोखा दिया।


Download Android App
Download iOS App



