दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, पुलिस ने उठाए सख्त कदम

Summary :

नई दिल्ली में संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी

दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस ने विशेष कदम उठाए हैं। आतंकी हमले और एलओसी पर गोलीबारी के बाद राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में निगरानी कर रहे हैं और सुरक्षाकर्मियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर की गई अकारण गोलीबारी के बाद देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में दिल्ली के नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष कदम उठाए गए हैं। इन उपायों का उद्देश्य राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नई दिल्ली जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं फील्ड में निगरानी कर रहे हैं। वे एसीपी और एसएचओ स्तर के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षाकर्मियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़े और आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। राजधानी में शाम और रात के समय विशेष गश्ती दलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, जनपथ, यशवंत पैलेस और गोल मार्केट जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

IIT Delhi और माइक्रोन टेक्नोलॉजी का सेमीकंडक्टर क्षेत्र में संयुक्त प्रयास

उच्च जनसंख्या वाले क्षेत्रों में मोटरसाइकिल सवार पुलिस दल और विशेष चेक पोस्ट लगाए गए हैं। बीट पुलिसकर्मी स्थानीय दुकानदारों, यात्रियों और निवासियों से संवाद कर रहे हैं, ताकि जनसहयोग से सतर्कता बढ़ाई जा सके। पलिका बाजार, जनपथ, खान मार्केट और सरकारी इमारतों के आसपास बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड लगातार एंटी-सबोटाज जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही, शहर में कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। विशेष रूप से किराए पर लिए गए या बिना पंजीकरण वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है।

स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और नागरिक सुरक्षा समितियों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। निजी सुरक्षा गार्डों को भी सतर्कता बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं। होटल कर्मचारियों के साथ बैठकें कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी मेहमानों का उचित पहचान-पत्र के साथ सत्यापन किया जाए। दिल्ली पुलिस ने राजधानी के सभी निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर पर दें।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.