रायपुर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्रवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरम लाल कौशिक, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रमेश बैस, विधायक श्रीचंद सुंदरानी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मिशन 65 प्लस के तहत अमित शाह ने 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसी लक्ष्य की रणनीति तय करने के लिए अमित शाह यहां पहुंचे हैं।छत्तीसगढ़ के चुनावी मिशन में भाजपा की नजर अब महिला वोटों पर टिकी हुई है।
महिला मतदाताओं को साधने सत्ताधारी दल ने योजनाओं के साथ उन्हें अपने पाले में लाने पैंतरा खेला है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में होने वाले महिला सम्मेलन को राजनीतिक नजरिए से अहम माना जा रहा है। हालांकि इस महिला सम्मेलन के क्या राजनीतिक फायदे होंगे इस पर अभी से कुछ कहना जल्दबाजी हो सकता है। इसके बावजूद प्रदेश में विपक्ष के आरोपों और महिला अत्याचार के मामलों को मुद्दा बनाए जाने के बाद से ही भाजपा ने पलटवार की रणनीति के साथ आक्रामक रूख अपनाने पर जोर दिया है।
प्रदेश में महिला मतदाताओं को सत्ता की दिशा तय करने में निर्णायक माना जाता रहा है। दूसरी ओर पार्टी की ओर से योजनाओं के मामले में भी उपलब्धियों पर जोर दिया जा रहा है। ऐसी स्थिति में प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं के रूख पर भी मामला काफी हद तक निर्भर करेगा। भाजपा के महिला सम्मेलन में एक तरह से चुनावी संदेश भी होगा। वहीं महिलाओं के उत्थान के कार्यों पर फोकस करते हुए भाजपा की ओर से समर्थन मांगा जाएगा।
इधर भजपा की रणनीति को भांपते हुए कांग्रेस ने भी राज्य में महिला अत्याचार के बढ़ते ग्राफ और राज्य से गायब 27 हजार महिलाओं की गुमशुदगी का मामला उठाया है। आश्रम छात्रावासों में नाबालिग युवतियों से गैंगरेप के मामले में भी कवायदें हो रही है। बस्तर में आदिवासी महिलाओं से बलात्कार के प्रकरणों समेत नसबंदी कांड और गर्भाशय कांड भी मुद्दा है। इधर भाजपा की कोशिशें है कि इस मामले में हुई कार्रवाई का हवाला देकर विपक्ष का वार ध्वस्त करने की तैयारी हो रही है। राज्य में युवाओं के बाद महिला मतदाताओं पर हो रहा चुनावी घमासान टर्निंग पाइंट हो सकता है। वहीं इससे बनने वाले समीकरण भी दिलचस्प होंगे।


Download Android App
Download iOS App



