देश की राजधानी दिल्ली में पिछले सप्ताह नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थकों और विरोधियों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान पुलिस पर पिस्तौल तानने वाले शाहरुख नाम के शख्स को उत्तर प्रदेश के शामली से गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस के पुराने हेडक्वार्टर आईटीओ लाया गया है।
शाहरुख को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को ही उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। शाहरुख घटना के बाद से ही फरार था। इससे पहले बीते गुरुवार को दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने यह स्पष्ट किया था कि शाहरुख अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। 25 फरवरी को यह खबर आई थी कि पुलिस ने शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफाराबाद, गोकलपुरी, मौजपुर, भजनपुरा, करावल नगर आदि इलाकों में रविवार को नागरिकता संशोधन कानून के समर्थकों और विरोध करने वालों के बीच में हिंसक झड़प हुई थी, जिसके बाद यह हिंसा तीन दिन तक जारी रही। हिंसा में अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है।
दिल्ली हिंसा में पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल रतनलाल के अलावा, इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी अफसर अंकित शर्मा की भी हत्या हुई है। उनकी हत्या का आरोप आप पार्षद ताहिर हुसैन और उनके समर्थकों पर लगाए गए है। अंकित शर्मा के परिजनों ने ताहिर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, लिहाजा उसकी तलाश की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



