Shram Shakti Bhawan Fire: दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में रफी मार्ग स्थित श्रम शक्ति भवन सोमवार शाम लगी आग ने सरकारी इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया। घटना के बाद कुछ ही देर में इमारत के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि अंदर मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन हालात ऐसे थे कि दमकल की टीमें आग लगने वाली जगह तक पहुंच ही नहीं सकीं। हैरानी की बात यह रही कि इमरजेंसी के लिए बनाए गए रास्ते कर्मचारियों की अव्यवस्थित पार्किंग से पूरी तरह जाम थे। परिसर के अंदर खड़ी कारों ने दमकल गाड़ियों का रास्ता रोक दिया, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। यह नजारा देखकर खुद भवन में काम करने वाले कर्मचारी भी स्तब्ध रह गए और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए बिना पर्याप्त संसाधनों के ही इमारत के भीतर प्रवेश किया। उन्होंने फायर सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगर आग फैलती, तो हालात और भयावह हो सकते थे। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जबकि दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह घटना साफ संकेत देती है कि कागजों पर मजबूत दिखने वाली सुरक्षा व्यवस्था जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल साबित हो रही है। दमकल विभाग के अनुसार, शाम करीब 4:20 बजे तीसरी मंजिल पर आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने किसी तरह तीसरी मंजिल तक पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तो पता चला कि आग एसी के आउटडोर यूनिट में लगी थी।
इस दौरान कर्मचारियों ने फायर सिलेंडर की मदद से आग को काफी हद तक काबू में कर लिया था। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धुआं उठता देखा कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आग लगने के तुरंत बाद कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद बिजली के तारों के कारण पानी का इस्तेमाल नहीं किया गया। इस वजह से खतरा और बढ़ सकता था। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि जब मंत्रालय जैसी अहम इमारतों में ही दमकल की गाड़ियों को अंदर जाने का रास्ता नहीं मिल रहा है, तो आम रिहायशी इलाकों की संकरी गलियों में हालात क्या होंगे?
रिपोर्ट: प्रशांत चौहान
Also Read: दिल्ली में हीटवेव से निपटने की तैयारी तेज, एलजी तरनजीत सिंह संधू ने दिए सख्त निर्देश


Download Android App
Download iOS App




