DMRC से मिले संकेत, ट्रेनों के बाद अब जल्दी शुरू हो सकती है दिल्ली मेट्रो

Summary :

डीएमआरसी के अनुसार मेट्रो की सेवाएं शुरू होने पर सुरक्षित मूवमेंट के लिए मेट्रो परिसर में मौजूद मशीनों जैसे कि एएफसी गेट, लिफ्ट, एस्क्लेटर्स इत्यादि की सफाई के लिए भी विशेष स्टाफ नियुक्त किए गए हैं।

देश भर में कोरोना महामारी के कारण लगे देशव्यापी लॉकडाउन के चलते लगभग पिछले दो महीनों से पूरे देश में हवाई सेवा समेत राज्यों के सभी सार्वजनिक परिवहन बंद पड़े हुए हैं। हालांकि अब लॉकडाउन के तीसरे चरण के दौरान केंद्र सरकार तथा राज्य सरकारों ने कुछ रियायतें दी हैं। 
लॉकडाउन के कारण देश की अर्थव्यवस्था समेत सारी गतिविधियां पटरी से उतर चुकी हैं और अब धीरे धीरे सभी गतिविधियों को दोबारा से पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिल्ली से लगभग 15 जोड़ी विशेष ट्रेन चलाई गई। 
दिल्ली मेट्रो ने एक ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा कि मेट्रो स्टेशनों में विशेष रूप से प्रशिक्षित हाउसकीपिंग स्टाफ रखे गए हैं जो पैसेंजर मूवमेंट एरिया को साफ करेंगे। 

ट्रेनों के चलने के बाद दिल्ली मेट्रो से मिले संकेतों के मद्देनजर ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि दिल्ली में जल्द ही मेट्रो का परिचालन शुरू हो सकता है। डीएमआरसी के अनुसार मेट्रो की सेवाएं शुरू होने पर सुरक्षित मूवमेंट के लिए मेट्रो परिसर में मौजूद मशीनों जैसे कि एएफसी गेट, लिफ्ट, एस्क्लेटर्स इत्यादि की सफाई के लिए भी विशेष स्टाफ नियुक्त किए गए हैं। 

Desk Team