नई दिल्ली : गुरुवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दो जिलों के जिलाध्यक्ष घोषित किए थे, लेकिन एक दिन बाद ही उनमें से एक जिलाध्यक्ष को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसमें कैलाश जैन का नाम सामने आया है। कैलाश जैन को कांग्रेस ने बाबरपुर से जिलाध्यक्ष बनाया है। लेकिन इनमें बाबरपुर जिले के नवनियुक्त अध्यक्ष कैलाश जैन 1984 के सिख दंगों के आरोपी हैं जिनको दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिली हुई है।
यहां यह बता दें कि गुरुवार को एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में बाबरपुर जिला का कैलाश जैन और करावल नगर जिलाध्यक्ष एआर जोशी को बनाया गया है। वहीं दूसरी ओर गुरुवार देर रात ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से दिल्ली के दो खाली पड़े जिलों के जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी गई। इनमें बाबरपुर जिले के नव नियुक्त अध्यक्ष कैलाश जैन 1984 के सिख दंगों के आरोपी हैं जिनको दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिली हुई है।
कैलाश जैन की नियुक्ति के बाद से प्रदेश कांग्रेस में लगातार विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल ने कैलाश जैन की नियुक्ति को लेकर अपना विरोध प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष दर्ज करा दिया है। विपक्ष जहां पहले ही सिख दंगों में दोषी और सजा काट रहे पूर्व सांसद सज्जन कुमार को लेकर कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लिए हुए हैं। ऐसे में कैलाश जैन की नवनियुक्ति भी विपक्ष के लिये कांग्रेस पर हमला बोलने का एक हथियार बन सकती है। जैन सिख दंगों के 11 आरोपियों में से एक है। उनके खिलाफ दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में मामला विचाराधीन है।
कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं का शीला ने किया स्वागत
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक शीशपाल, पूर्व निगम पार्षद भागवीर, बबली नागर, दिल्ली कांग्रेस पूर्व सचिव इन्द्राज पहलवान, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम कुमार प्रेमी, युवा कांग्रेस के बदरपुर विधानसभा से योगेन्द्र अवाना और शकील खान का पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर शीला दीक्षित ने कहा कि वे कांग्रेस के अपने पुराने साथियों का पार्टी में स्वागत करती हैं, इनके सहयोग से दिल्ली में कांग्रेस को और मजबूती प्राप्त होगी और हम सब मिलकर सांप्रदायिकता के खिलाफ कार्य करेंगे।
इस दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने सभी नेताओं से कहा कि वे कांग्रेस की नीतियों का घर-घर जाकर प्रचार करें और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संदेशों व कांग्रेस के कार्यक्रमों को दिल्ली वासियों तक पहुंचाए। इस दौरान सभी ने पूरे समर्पण के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जतायी।


Download Android App
Download iOS App



