नई दिल्ली : सीबीएसई के दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में दिल्ली के सरकारी स्कूलों के प्रदर्शन में सुधार पर शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रतिक्रिया दी है। सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘कक्षा बारहवीं में शानदार प्रदर्शन के बाद दसवीं के परिणाम में 2.68 फीसदी सुधार हुआ है। 71.58 फीसदी छात्रों ने परीक्षा सफलता पूर्वक पास की, जबकि 26.79 फीसदी छात्रों के पास परीक्षा उत्तीर्ण करने का एक और मौका है।
परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों को बधाई और कंपार्टमेंट परीक्षा देने वालों को शुभकामनाएं’। दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अधीन चल रहे गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूलों (जीएचपीएस) ने बेहतर प्रदर्शन किया है। डीएसजीएमसी के उपाध्यक्ष व शिक्षा समिति के सदस्य कुलवंत सिंह बाठ ने जीएचपीएस के बेहतर प्रदर्शन पर बच्चों व स्कूल स्टाफ को बधाई दी है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार जीएचपीएस के 1591 विद्यार्थियों ने दसवीं बोर्ड परीक्षा दी, जिसमें 1514 विद्यार्थी पास हुए हैं और 76 की कंपार्टमेंट आई है। बाठ ने कहा कि जीएचपीएस स्कूलों का ओवर ऑल रिजल्ट 95.15 फीसदी रहा है, जो पिछले साल की तुलना में बेहतर है। उन्होंने इसका श्रेय बच्चों की मेहनत के साथ-साथ स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षकों को दिया है।
863 केंद्रीय विद्यालयों का शत प्रतिशत परिणाम
दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में निजी व राज्य सरकार के अधीन स्कूलों के मुकाबले केंद्रीय विद्यालयों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। देश भर में इस बार 1085 केंद्रीय विद्यालयों के 82907 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी, जिसमें 82466 विद्यार्थी पास हुए हैं। इसी की बदौलत 863 केंद्रीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है। 12320 विद्यार्थियों ने 90 से अधिक और 2910 विद्यार्थियों ने 95 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।


Download Android App
Download iOS App



