दिल्ली सरकार की स्कीम से जुड़े सोनू सूद, ‘देश के मेंटोर्स’ कार्यक्रम के बने ब्रांड एंबेसडर

Summary :

देश में कोरोना महामारी के दौरान गरीबों के मसीहा बने अभिनेता सोनू सूद को दिल्ली सरकार के ‘देश का मेंटोर्स’ कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।

देश में कोरोना महामारी के दौरान गरीबों के मसीहा बने अभिनेता सोनू सूद को दिल्ली सरकार के ‘देश का मेंटोर्स’ कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया। इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को उनकी पसंद का करियर चुनने के लिए गाइडेंस दी जाएगी।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, “सरकारी स्कूलों में कुछ विद्यार्थी बहुत गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं और उनको गाइड करने वाले बहुत कम लोग होते हैं। हम शिक्षित लोगों से इन विद्यार्थियों का मार्गदर्शक बनने की अपील कर रहे हैं। सोनू सूद कार्यक्रम के लिए हमारे ब्रांड एंबेसडर होंगे।”


अभिनेता सोनू सूद ने कहा है कि वो भी कुछ बच्चों के मैंटोर बनेंगे। आज दिल्ली सरकार ने देश के मैंटोर का प्लेटफॉर्म नहीं बनाया, देश के लिए कुछ करने का आपके लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया है। अगर आप एक भी बच्चे को दिशा दे पाते हैं तो इससे बड़ा देश को कोई योगदान नहीं होगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले सीएम केजरीवाल और सोनू सूद के बीच चर्चा भी हुई। हालांकि उस बातचीत में राजनीति से जुड़े किसी भी पहलू पर चर्चा नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने सूद के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “हमने केवल इस कार्यक्रम पर चर्चा की और कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।”
बता दें कि अभिनेता सोनू सूद ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री राघव चड्ढा भी मौजूद रहे।

Desk Team