पश्चिम बंगाल : सोवन चटर्जी ने ममता बनर्जी कैबिनेट से दिया इस्तीफा

Summary :

ममता ने कहा, सोवन चटर्जी ने यह इच्छा पहले भी चार – पांच बार जाहिर की थी…हमें लगा कि वह (अपनी गलतियां) महसूस करेंगे। उन्होंने आज इस्तीफा दे दिया।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि राज्य के आवास एवं दमकल सेवा मंत्री सोवन चटर्जी ने मंगलवार को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है और उनसे कोलकाता मेयर का पद भी छोड़ने को कहा गया है। ममता ने राज्य सचिवालय में कहा, ”उन्होंने यह इच्छा पहले भी चार – पांच बार जाहिर की थी…हमें लगा कि वह (अपनी गलतियां) महसूस करेंगे। उन्होंने आज इस्तीफा दे दिया और हमने इसे स्वीकार कर लिया है। उनसे शहर के मेयर का पद भी छोड़ने को कहा गया है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस्तीफा राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के पास भेज दिया गया है। सोवन का विभाग राज्य के शहरी विकास एवं नगर निकाय मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम को दिया गया है। उनके पास चटर्जी के दो विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी रहेगी। वहीं, कोलकाता नगर निगम आयुक्त खलील अहमद को नगर निकाय का कामकाज देखने के लिए कहा गया है।

Mamata Banerjee

ऐसे में जब सोवन चटर्जी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मीडिया से बातचीत करने में उनकी दिलचस्पी नहीं है। राजभवन में उच्च पदस्थ एक अधिकारी ने पुष्टि की कि सरकार से एक सीलबंद लिफाफा मिला है। उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया कि पत्र की सामग्री के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें राज्य सरकार से एक सीलबंद लिफाफा मिला है जिसे कल दार्जिलिंग में राज्यपाल को भेजा जाएगा।

ममता के साथ मुलाकात के बाद बोले नायडू- नरेंद्र मोदी जी की तुलना में हम सभी वरिष्ठ

Desk Team