South-West District Crime News : साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के दिल्ली कैंट इलाके में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान जयवंती (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। इस बाबत केस दर्ज कर आरोपी कार चालक दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कार भी कब्जे में ले ली है।
वहीं, इस हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। जिससे के चलते एनएसजी रेड लाइट से टी-3 (इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) तक का रास्ता प्रभावित हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर सड़क से हटाया। ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और लोगों को दूसरा रास्तों पर जाने की सलाह दी।
डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली कैंट थाना पुलिस को सड़क दुर्घटना के बारे में एक पीसीआर कॉल मिली। कॉलर ने बताया कि एक कार ने एक महिला को टक्कर मार दी है। घायल महिला को पहले ही डीडीयू अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक मृतका महिला की पहचान ईस्ट मेहराम नगर निवासी जयवंती के रूप में हुई। वह घरों में काम करती थीं। इनके परिवार में तीन बेटी और एक बेटा है। सभी की शादी हो चुकी है। जांच में पुलिस को पता चला कि सड़क पर चलते समय अचानक एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। पुलिस ने के दर्ज कर कार चालक दीपक को गिरफ्तार कर लिया। दीपक प्रताप नगर, मंडोली का रहने वाला है और हादसे के वक्त एयरपोर्ट से लौट रहा था। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
सड़क पर प्रदर्शन से लगा भारी जाम
इस हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और रास्ता बंद कर दिया। जिसके चलते एनएसजी रेड लाइट से टी-3 (इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) तक का रास्ता बंद हो गया। यह देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत सोशल मीडिया (एक्स) पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने महिपालपुर से टी-3 की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एनएच-48 कट, महिपालपुर के रास्ते वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
वहीं टी-3 से टी-1, धौला कुआं और महिपालपुर की ओर आने वाले यातायात को धौला कुआं कट पर डायवर्ट किया। ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हो गई और पोस्ट कर खासकर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों से कहा गया है कि वे मार्ग में संभावित जाम और डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए घर से पर्याप्त समय पहले निकलें। मौके पर यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कड़ी मशक्कत के बाद जाम खोला गया।



Download Android App
Download iOS App




