नई दिल्ली : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पश्चिम बंगाल में कस्टम अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई में एक मूर्ति तस्कर को गिरफ्तार कर उससे भगवान राम और सीता की 600 साल पुरानी मूर्ति बरामद की है जिसकी बाजार में कीमत 35 करोड़ रूपये है।
एसएसबी के प्रवक्ता के अनुसार बल की पश्चिम बंगाल के बारासात स्थित 63 वीं वाहिनी को सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग 31 बागडोगरा घोसपुकर रोड पर एक तस्कर बेशकीमती मूर्ति लेकर आयेगा। बल के जवानों ने कस्टम अधिकारियों के साथ मिलकर उसकी घेराबंदी की तथा आरोपी फुटटू यादव को मूर्ति सहित धर दबोचा।
आरोपी से आरंभिक पूछताछ में पता चला कि यह मूर्ति आठ साल पहले बिहार के भागलपुर जिले से चोरी हुई थी। इस मूर्ति को नेपाल में बेचा जाना था जहां से ये पश्चिमी देशों में बेची जाती हैं। वहां इनकी अत्यधिक कीमत मिलती है। स्थानीय पुलिस में यह मामला दर्ज कराया गया है।
एसएसबी ने गत 27 अप्रैल को भी अष्टधातु की बनी भगवान विष्णु की एक अति प्राचीन मूर्ति पकडी थी। एसएसबी को पिछले दस दिनों में इस तरह की दूसरी बडी सफलता मिली है।
– वार्ता


Download Android App
Download iOS App



