नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने बुधवार को पिंक लाइन के मौजपुर से आईपी एक्सटेंशन कॉरिडोर पर मेट्रो का ट्रायल रन शुरू किया। पिंक लाइन के करीब साढ़े दस किलोमीटर लंबे इस हिस्से पर डीएमआरसी प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने मेट्रो को हरी दिखाकर ट्रायल रन की शुरुआत की। इस ट्रायल रन के दौरान मेट्रो ट्रेन के इंटरफेस की जांच द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ट्रैक पर ट्रेन के चलने के दौरान ट्रैक या अन्य आधारभूत ढांचे के साथ कोई परेशानी तो नहीं है। साथ ही देखा जाएगा कि कोच के विभिन्न सब सिस्टम कैसे काम कर रहे हैं।
डीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि फेज-3 के तहत बन रही 59 किलोमीटर लंबी इस लाइन पर मौजपुर से आईपी एक्सटेंशन तक 9 एलिवेटिड स्टेशन हैं। इनमें आईपी एक्सटेंशन, आनंद विहार, कड़कड़डूमा, कड़कड़डूमा कोर्ट, कृष्णा नगर, पूर्व आजाद नगर, वेलकम, जाफराबाद और मौजपुर स्टेशन हैं। उन्होंने कहा कि इस लाइन पर आधुनिक संचार आधारित ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) तकनीक का प्रयोग किया जाएगा।
ट्रायल रन के दौरान अलग-अलग स्पीड पर ट्रेन पर होने वाले प्रभाव, ट्रेन की ब्रेकिंग और ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) के साथ इसके इंटर कनेक्शन की निगरानी को भी देखा जाएगा। इस दौरान ट्रैक सिस्टम के व्यवहार और ओवर हेड इलेक्ट्रिफिकेशन (ओएचई) की जांच लगातार अंतराल पर की जाएगी।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



