Delhi-NCR में तूफान और बारिश की चेतावनी, तापमान में गिरावट

Summary :

NCR में तूफान और बारिश की चेतावनी, जनजीवन प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को तेज बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार से शुरू हुआ तेज बारिश और गरज-चमक वाला मौसम अब भी जारी है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 26 और 27 मई के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, इन दो दिनों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का सामना एनसीआर के लोगों को करना पड़ सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 26 मई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। इस दिन बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का प्रकोप देखने को मिल सकता है।

विकसित भारत की परिकल्पना में PM मोदी का योगदान: CM रेखा गुप्ता

इसी तरह, 27 मई को भी मौसम विभाग ने थंडरस्टॉर्म के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है, जिसमें अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहेगा। 28 मई को स्थिति थोड़ी हल्की होगी, जहां बादलों के छाए रहने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, लेकिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 29 और 30 मई को फिर से ‘थंडरस्टॉर्म विथ रेन’ की संभावना है, लेकिन राहत की बात यह है कि इन दिनों मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 31 मई को हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बनी नमी के कारण उत्पन्न हुई है, जिससे उत्तर भारत के कई हिस्से प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को अगले दो दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों और ऊंची जगहों पर जाने से परहेज करने की हिदायत दी गई है। बदलते मौसम के बीच एनसीआर वासियों को जहां एक ओर गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर तेज बारिश और तूफान ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.