JNU छात्रों का यौन उत्पीड़न पर बवाल,दिल्ली पुलिस से भिड़े छात्र

Summary :

NULL

नई दिल्ली : जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़िन के आरोपी प्रोफेसर अतुल जोहरी के निलंबन और नए अनिवार्य अटेंडेंस नियम के खिलाफ सोमवार को भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। शाम छात्रों ओर पुलिस में तीखी झड़प हो गई है। जेएनयू के छात्रों ने बैरीकेड गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने हाईवे जाम कर दिया। छात्र और शिक्षक चाहते हैं कि जौहरी के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्हें नौकरी से बर्खास्त किया जाए। आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ सोमवार शाम जेएनयू के छात्र वसंत कुंज थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पीड़ित छात्राओं का बयान दर्ज किया है।

शिक्षकों ने प्रोफेसर जौहरी के खिलाफ दिल्ली पुलिस से भी शिकायत की है। इस मामले में अब तक पीड़ित कुछ लड़कियों के 164 के तहत बयान कोर्ट में दर्ज हुए हैं। आज प्रोफेसर अतुल जौहरी को जांच में शामिल होनर के लिए थाने बुलाया गया था, लेकिन वो नहीं आये। अब कल अतुल जौहरी को थाने बुलाया गया है, जहां पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ जेएनयू परिसर में पिछले कुछ दिनों से छात्राएं प्रदर्शन भी कर रही हैं।

प्रोफेसर अतुल जौहरी जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में लाइफ साइंस पढ़ाते हैं। आरोप है कि प्रोफेसर अतुल क्लास के दौरान छात्राओं के साथ अश्लील बातें और छेड़खनी करते हैं। इसी के चलते उनके खिलाफ जेएनयू के कई छात्राएं पिछले 4 दिनों से कैंपस में प्रदर्शन कर रही थीं।  इसके बाद जेएनयू की करीब 7 छात्राओं की शिकायत के आधार पर वसंत कुंज नार्थ पुलिस स्टेशन में धारा 354 और 509 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, आरोपी प्रोफेसर अतुल का कहना है कि उनके खिलाफ शिकायत करने वाली छात्राओं की अटेंडेंस क्लास में कम है। इसलिए वे कार्रवाई से बचने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही हैं। फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team