नई दिल्ली : घोंडा गुजरान खादर की जमीन कुछ महीने पहले तक लैंडफिल साइट को लेकर चर्चा में थी, लेकिन अब यहां सुंदर पार्क और झील के निर्माण का कार्य शुरू हो रहा है। यह कहना है दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व स्थानीय सांसद मनोज तिवारी का। रविवार को घोंडा गुजरान खादर की जमीन पर यमुना रिवरफ्रंट कार्य का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि इस निर्माण के बाद यह क्षेत्र दिल्ली और देश में प्राकृतिक सौंदर्य के लिए चर्चा में रहेगा।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग यहां झूठ फैला रहे थे कि घोंडा गुजरान खादर की जमीन पर भाजपा और सांसद मनोज तिवारी लैंडफिल साइट बनाना चाहते हैं। लेकिन इस विकास कार्य के बाद यमुना किनारा साबरमती नदी के किनारे बने गुजरात के उन तटों से मेल खाएगा। जो पर्यटक का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलवामा आतंकवादी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर तिवारी ने कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले में इतनी बड़ी शहादत हुई है कि पूरा देश गम और गुस्से में है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने जवानों पर हमला कर आतंकवाद के पूरे नाश को दावत दी है।
उन्होंने कहा कि सेना न केवल आतंकवाद का नाश करेगी बल्कि उन लोगों को भी सबक सिखाएगी जाएगा जो देश विरोधी काम करते हैं। ऐसे सभी लोग बेनकाब होंगे जो देश की जगह अपने स्वार्थ को आगे करतें हैं।


Download Android App
Download iOS App



