तेजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार, भड़की BJP बोली-केजरीवाल एक सच्चे सरदार से डर गए

Summary :

बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश की।

दिल्ली बीजेपी के नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। बीजेपी के नेताओं ने खुद इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, मोहाली पुलिस ने तेजिंदर के खिलाफ साइबर सेल में मामला दर्ज किया था, इसी मामले में अब उनकी गिरफ्तारी हुई है।
बग्गा पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश की। बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने बग्गा की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा, तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तजिंदर बग्गा एक सच्चा सरदार है उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों?।
उन्होंने आगे लिखा, पंजाब की पुलिस का इस्तेमाल केजरीवाल के पर्सनल नाराजगी, पर्सनल खुन्नस को निपटाने के लिए किया जा रहा है। ये पंजाब का, पंजाब के जनादेश का अपमान है। तजिंदर बग्गा के साथ आज सारा देश खड़ा है। केजरीवाल एक सच्चे सरदार से डर गए।


वहीं दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि यह बेहद शर्मनाक है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में उनकी पार्टी को मिली सत्ता का राजनीतिक दुरुपयोग राजनीतिक विरोधियों को डराने धमकाने के लिये शुरू कर दिया है।

दरअसल, कश्मीरी पंडितों के पलायन पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ (‘The Kashmir Files’) को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना करने पर पंजाब पुलिस ने बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।  

Desk Team