सोशल मीडिया पर जॉब का झांसा, स्पा सेंटर तक किशोरियों की तस्करी

Summary :

South District Crime News : सोशल मीडिया पर नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाने वाले हर व्यक्ति पर भरोसा करना किशोरियों के लिए भारी पड़ सकता है। इसी तरह के झांसे में फंसाकर नाबालिग लड़कियों को दूसरे राज्यों में ले जाकर स्पा सेंटरों में पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का दक्षिण जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों समेत आठ आरोपियों को पकड़ा और 10 लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है। गिरोह का एक आरोपी प्रिंस अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों की पहचान दामनी…

South District Crime News : सोशल मीडिया पर नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाने वाले हर व्यक्ति पर भरोसा करना किशोरियों के लिए भारी पड़ सकता है। इसी तरह के झांसे में फंसाकर नाबालिग लड़कियों को दूसरे राज्यों में ले जाकर स्पा सेंटरों में पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का दक्षिण जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों समेत आठ आरोपियों को पकड़ा और 10 लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है। गिरोह का एक आरोपी प्रिंस अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों की पहचान दामनी सुशील हरेश उर्फ सुशील (31), लक्ष्य (20), विनय उर्फ महादेव (29), मोनू शर्मा (30), संजीव मौर्य उर्फ सोनू (31) और एक महिला आरोपी (27) के रूप में हुई है।

डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपियों को एसएचओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर मुनीश कुमार, एसआई सुनील यादव, महिला एसआई अंबिका, एकता की टीम ने पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का नेटवर्क सोशल मीडिया और निजी संपर्कों के जरिए किशोरियों तक पहुंचता था। उन्हें स्पा सेंटर या दूसरी जगह नौकरी दिलाने, अच्छी सैलरी, रहने की सुविधा और बेहतर जीवनशैली का लालच दिया जाता था।

वहीं, मामले की शुरुआत नौ मई को हुई, जब अंबेडकर नगर थाना पुलिस को 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने की शिकायत मिली। उसकी मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच में पुलिस को पता चला कि किशोरी सोशल मीडिया के जरिए गिरोह के संपर्क में आई थी और उसे नौकरी का झांसा देकर गुजरात ले जाया गया था। किशोरी की तलाश में पुलिस टीम ने तत्काल गुजरात का रुख किया।

स्पा सेंटर पर दिल्ली पुलिस ने मारा छापा

पुलिसकर्मियों ने निजी वाहन से एक दिन में करीब 1500 किलोमीटर का सफर तय किया। स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने मुंद्रा, कच्छ स्थित एक होटल में चल रहे स्पा सेंटर पर छापा मारकर किशोरी को सकुशल बरामद किया। मौके से स्पा संचालक सुशील और दो नाबालिगों को पकड़ा गया। इसके बाद तकनीकी निगरानी और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बलिया और दिल्ली के गणेश नगर में एक साथ कार्रवाई की। बलिया के एक स्पा सेंटर से सात लड़कियों को बरामद कर मोनू शर्मा और संजीव मौर्य उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया। वहीं गणेश नगर स्थित एक जगह से दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर एक महिला आरोपी को पकड़ा गया।

Sumant Chaudhary