नई दिल्ली : आतंकवाद क्या है इसे हमने सहा है, महसूस किया है, देश के हर सैनिक का दर्द हम जानते हैं। मैं बचपन से सैनिकों और उनकी वीरता की प्रशंसक रही हूं। यह विचार पंजाब केसरी वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरपर्सन किरण चोपड़ा ने व्यक्त किए। वे ‘उरी द सर्जिकल स्ट्राइक’ मूवी के शो पर डिलाइट डायमंड सिनेमा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहीं।
उन्होंने फिल्म का शो शुरू होने से पूर्व शो देखने पहुंचे सैनिकों की प्रशंसा की और कहा कि हमें सैनिकों का सम्मान करना चाहिए। उन परिवारों को देखना चाहिए जिनके सदस्य वीरगति को प्राप्त हुए हैं। श्रीमति चोपड़ा ने कहा कि वे जो भी किताब लिखती हैं उससे मिलने वाली राशि को ऐसे परिवारों पर खर्च करती हैं।
सामाजिक संगठन अधिकार मंच की ओर से मंगलवार की दोपहर दरियागंज स्थित डिलाइट डायमंड सिनेमा पर ‘उरी द सर्जिकल स्ट्राइक’ मूवी का शो दिखाया गया। इस दौरान दर्शक ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने से नहीं चूके। कार्यक्रम में पूर्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरी भी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि वे इस फिल्म को कई बार देख चुके हैं और बार-बार देखने की ख्वाहिश रखते हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्य अतिथि किरण चोपड़ा का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस परिवार ने आतंकवाद का दंश झेला है और अपनों को हमेशा के लिए खो दिया, लेकिन उसके बावजूद आतंकवाद के खिलाफ लिखी जाने वाली कलम कभी रुकी नहीं।
इस मौके पर अधिकार मंच के अध्यक्ष विनोद जैन ने बीएसफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, एयर फोर्स और इंडियन कोस्ट गार्ड के जवानों का आभार व्यक्त किया, जो सभी अपना कीमती समय निकालकर संगठन के आग्रह पर फिल्म देखने पहुंच गए। इस मौके पर रेणु शाहनवाज हुसैन, भाजपा गुड गवर्नेंस टीम के सदस्य वीरेन्द्र सचदेवा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



