हत्यारों का कोई सुराग नहीं, परिजन करेंगे प्रदर्शन

Summary :

आनंद विहार इलाके में लुटेरे को पकड़ने के दौरान मोहित की गोली मारकर हत्या करने के मामले में 2 दिन बीत जाने के बाद पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।

पूर्वी दिल्ली : आनंद विहार इलाके में लुटेरे को पकड़ने के दौरान मोहित (28) नामक युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो दिन बीत जाने के बाद पुलिस के हाथ आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। हालांकि डीसीपी शाहदरा मेघना यादव का कहना है कि आरोपी अंतरराज्यीय बदमाश हो सकते हैं। जो दिल्ली बॉर्डर पार करके वारदात को अंजाम देकर गए हैं। इसके अलावा पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इसके लिए कई टीमों का गठन ​भी किया गया है।

उधर, आरोपियों के पकड़े न जाने से परिजनों में सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ काफी रोष है। उन्हें जल्द से जल्द इंसाफ चाहिए। मोहित के पिता राजकुमार ने सोमवार सुबह दस जगतपुरी लालबत्ती पर सरकार व पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने की बात कह रहे हैं। बता दें कि 28 सितंबर की रात कोपर कारोबारी के कर्मचारी से रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग रहे एक बदमाश को मोहित समेत वहां मौजूद लोगों ने घेर लिया था।

पिस्टल देख भागे, अकेला लड़ा मोहित

हालांकि बदमाश द्वारा पिस्टल निकालने पर लोगों की भीड़ तितर-बितर हो गई थी, लेकिन मोहित ने बदमाश को दबोचे रखा था। इस पर बदमाश के एक अन्य साथी ने मोहिता को गोली मार दी थी। गोली मोहित के पेट से आर-पार हो गई थी। जिससे उसकी मौत हो गई थी।

Desk Team