भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) ने दिल्ली सरकार पर राशन वितरण को लेकर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि मोदी सरकार जिस तरह से दिल्ली के 72 लाख गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है, ठीक वैसे ही दिल्ली सरकार को उन 60 लाख लोगों को मुफ्त राशन देना चाहिए, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है।
मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गरीबों को राशन देती है तो उसे इस बारे में जानने और पूछने का पूरा अधिकार है। दिल्ली में 60 लाख ऐसे लोग हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, जबकि उन्होंने कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कर रखे हैं।
ऐसे में अगर केजरीवाल सरकार ऐसे गरीबों के लिए मुफ्त राशन देना चाहे तो वह भारतीय खाद्य निगम से खरीद सकती है। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने गरीबों के राशन के मुद्दे पर ही नहीं, बल्कि वैक्सीन, दवाओं और ऑक्सीजन के बारे में भी हर स्तर पर झूठ बोला है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार पर अदालतों के फैसलों और फटकार का भी कोई असर नहीं हुआ है और उनका हर मामले में झूठ बोलना बराबर जारी है।


Download Android App
Download iOS App



