Operation Vista : दिल्ली पुलिस की ओर से ओवरस्टे कर रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ ने उत्तम नगर इलाके से तीन नाइजीरियाई नागरिकों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, तीनों भारत में रहने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच और सत्यापन के बाद दो विदेशी नागरिकों को लामपुर स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया, जबकि तीसरा पहले से दर्ज आपराधिक मामले में ट्रायल से बच रहा था।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ओवरस्टे कर रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देशन और एसीपी ऑपरेशंस सेल सुभाष मलिक की निगरानी में स्पेशल स्टाफ की टीम ने इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में अभियान शुरू किया।
तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी
11 अगस्त को गठित टीम ने उत्तम नगर इलाके में स्थानीय लोगों और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसके बाद तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर तीन विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान तीनों भारत में अपने प्रवास को वैध साबित करने वाले दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
तीनों को आगे की जांच और सत्यापन के लिए एफआरआरओ, दिल्ली के समक्ष पेश किया गया। एफआरआरओ की जांच के बाद जस्टिस पुत्र ओयेनजे (41) और स्टेनली डेविड (36) को लामपुर डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
तीसरे पर पहले से दर्ज था आपराधिक मामला
तीसरे विदेशी नागरिक अमोनी जूनियर याउ (32) के बारे में सत्यापन के दौरान पता चला कि वह नरेला थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले में ट्रायल का सामना कर रहा था और अदालत की कार्यवाही से बच रहा था। उसके खिलाफ अदालत ने जमानती वारंट जारी किया था, जिसकी अगली तारीख 23 सितंबर 2026 बताई गई है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस को उसकी जानकारी दे दी गई है। द्वारका पुलिस ने बताया कि ओवरस्टे कर रहे अन्य विदेशी नागरिकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



Download Android App
Download iOS App




