नयी दिल्ली : कांग्रेस नेता अजय माकन ने बुधवार को कहा कि पार्टी बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रही है और कांग्रेसजनों को इस कठिन दौर में अपना सर्वस्व बलिदान कर पार्टी के साथ खड़ा होना चाहिए । माकन की यह टिप्पणी ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के कुछ ही घंटे बाद आयी है। राहुल गांधी के सबसे विश्वस्त माने जाने वाले सिंधिया ने पार्टी के साथ 18 साल का नाता तोड़कर आज केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया ।
सिंधिया के जाने के साथ ही उनके समर्थक 22 विधायकों के इस्तीफे से राज्य की कांग्रेस सरकार पर अस्तित्व का संकट मंडराने लगा है । माकन ने हिंदी में बयान जारी कर कहा, ‘‘आज कांग्रेस कठिन दौर से गुजर रही है । कुछ ताकतें देश को और इस एकता के सूत्र में बांधे रखने वाली पार्टी को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं । जो लोग कांग्रेस की विचारधारा को मानते हैं……यह उनका कर्त्तव्य है कि परीक्षा के ऐसे समय में वे पार्टी के साथ खड़े रहें ।’’


Download Android App
Download iOS App



