नई दिल्ली : 42 हजार दर्शकों ने शनिवार को 39वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में हिस्सा लिया। संभावना जताई जा रही है कि रविवार के दिन दर्शकों का आंकड़ा आसानी से 50 हजार को पार कर जाएगा। जिसे देखते हुए आज का दिन दर्शकों व आईटीपीओ प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होने वाला है क्योंकि छुट्टी का दिन होने की वजह से भारी संख्या में लोग मेले में शिरकत करने के लिए पहुंचेंगे।
वहीं दर्शकों को मेले में एंट्री व उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन के लिए पूरे दिन भर एक चुनौती बनने वाली है। दरअसल, रविवार के दिन की 40 फीसदी टिकट पहले से ही दर्शकों ने ऑनलाइन बुक कर ली है। बाकी 60 फीसदी टिकटों की बिक्री होनी है। इसके लिए आईटीपीओ ने एक रणनीति भी बनाई है।
आईटीपीओ के कार्यकारी निदेशक राजेश अग्रवाल ने बताया कि हमारे लिए प्राथमिकता है कि सभी दर्शक मेले में शिरकत कर सके। लेकिन स्पेस कम होने की वजह से हम कुछ देर के लिए टिकटों की बिक्री पर रोक लगा सकते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार के दिन सुबह 9 बजे से 60 फीसदी टिकटों की बिक्री 66 मेट्रो स्टेशन से शुरू कर दी जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



