नई दिल्ली : दिल्ली में बढ़ती गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सोमवार दोपहर बाद आसमान में अचानक बादल छाने लगे। कुछ ही देर में कई इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। धीरे-धीरे पूरी दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। इससे न्यूनतम तापमान रविवार के अपेक्षा अचानक चार डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गई। सोमवार शाम को न्यूनतम तापमान 09.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार ऐसा मौसम बुधवार तक बना रहेगा। अगले दो दिनों तक गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं तेज सर्द हवाएं लोगों को ठिठुरने को मजबूर कर देंगी। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 25 फरवरी के तापमान ने पिछले सात वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है। सात वर्षों में 25 फरवरी को सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र दिल्ली के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह स्थिति बनी है। यही स्थिति 27 फरवरी दोपहर तक बनी रहेगी। मंगलवार को भी राजधानी में बारिश, ओले और सर्द हवाओं की संभावनाएं बन रही है। इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावनाएं हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 28 फरवरी और 1 मार्च को मौसम सामान्य रहने के बाद 2 और 3 मार्च को फिर मौसम करवट लेगा। इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। बिजली चमकने के साथ ही तेज बारिश भी होगी। इसके साथ ही ओले पड़ने की भी संभावना बनी रहेगी। सोमवार की शुरुआत हल्की धूप के साथ हुई और दोपहर आते-आते मौसम बदलना शुरू हो गया है। आसमान में काले बादल छा गए। चार बजे बाद अचानक बारिश होनी शुरू हो गई।
बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। बारिश के अलावा हल्की हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग की माने तो दिल्ली एनसीआर में बारिश के साथ-साथ ओले भी पड़ सकते हैं। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को भारी हिमपात और बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि राज्य के ऊंचे और मध्यम पहाड़ी इलाकों में भारी हिमपात तथा निचले पहाड़ी तथा मैदानी इलाकों में 26 फरवरी को भारी बारिश होगी।


Download Android App
Download iOS App



