नई दिल्ली : पुलिस अपना काम करती है, अगर पब्लिक का भी सहयोग मिले तो पुलिस के काम करने की ताकत दोगुनी हो जाएगी। तब बदमाशों की क्या मजाल जो किसी आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकें। मैं इस बात की गारंटी लेता हूं कि पुलिस को सूचना देने वाले की जानकारी गुप्त रखी जाएगी। अगर फिर भी डर है, तो पुलिस हेडक्वार्टर आएं और मुझे बताएं। तुरंत असामाजिक तत्वों पर एक्शन होगा। उक्त बातें ज्वाइंट सीपी ईस्टर्न रेंज अलोक कुमार ने शास्त्री पार्क स्थित ग्रीन लैंड मॉडल पब्लिक स्कूल में अधिकार मंच के नेतृत्व में आयोजित ‘जनता की बात पंजाब केसरी के साथ’ के अवसर पर कहीं।
इस अवसर पर कॉलोनी की आरडब्ल्यूए मैंबर, मार्केट एसोसिएशन मैंबर व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने बेधड़क बेझिझक और बेखौफ होकर पुलिस अधिकारियों के सामने मन की बातें रखीं। प्रमुख रूप से कॉलोनी में गैस गोदाम पार्क रोड, और हुनमान मंदिर के पास अतिक्रमण की बात कही। शराब के ठेके के पास प्राइवेट बस संचालकों ने कब्जा कर रखा है। यहां से अवैध रूप से अलग-अगल रूट पर प्राइवेट बसें चलती हैं। रिक्शा चालकों का अतिक्रमण है, शोरूम संचालक बाइकों को सड़क पर खड़ी रखते हैं। स्क्रैप कारोबारियों ने तो सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा जमा रखा है।
जिसकी वजह से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। इसके अलावा कॉलोनी में चोरी, स्नैचिंग और स्कूली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की आदि शिकायतें की। शिकायतें सुनने के बाद ज्वाइंट सीपी आलोक कुमार ने मंच से ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों पर कानूनी कर्रवाई की जाए। कॉलोनी में गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि बदमाशों में पुलिस का खौफ और आम लोग के मन में सुरक्षा का अहसास हो।
इस मौके पर डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट अतुल कुमार ठाकुर, एडिशनल डीसीपी आरपी मीणा, एडिशनल डीसीपी शाहदरा भारत रेड्डी, एसीपी सीलमपुर आर एस अधिकारी, एसएचओ शास्त्री पार्क प्रमोद गुप्ता, एसएचओ न्यू उस्मानपुर राज कुमार साहा, एसएचओ सीलपुर इन्द्र कुमार झा के अलावा अधिकार मंच के अध्यक्ष विनोद जैन, बीनू गुप्ता, धर्मेंद्र गांधी, जुबैर अहमद, राज जैन व स्कूल प्रबंधक अजय पराशर मौजूद थे।
सड़क पर अतिक्रमण करने पर होगी कानूनी कार्रवाई: अतुल ठाकुर
कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों की समस्या सुनने के बाद डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि सभी समस्याओं को नोट कर लिया गया है। अतिक्रमण करने वालों पर उचित कार्रवाई की जाएगी, स्कूलों और शास्त्री पार्क रेड लाइट के पास पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। पहले इस इलाके में 120 पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन अब 200 पुलिसकर्मी तैनात हैं। एसीपी व एसएचओ समय-समय पर इलाके में गश्त करते हैं। इलाके में हुई लगभग हर बड़ी वारदात को भी हमारी पुलिस टीम ने सुलझाया है।


Download Android App
Download iOS App



