Traffic Police Action : अब सड़क या ट्रैफिक से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सक्रिय सोशल मीडिया व्यवस्था लोगों की शिकायतों का तेजी से समाधान कर रही है। एक ट्वीट या सोशल मीडिया पोस्ट के बाद संबंधित अधिकारी तुरंत मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई शुरू कर देते हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर दोनों विभागों की कार्यशैली की लगातार सराहना हो रही है।
हाल ही में नरेंद्र कुमार त्यागी ने जाटीकरा रोड-पापरावत वाई-पॉइंट पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग सोशल मीडिया के माध्यम से उठाई। उन्होंने अपनी पोस्ट में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को टैग किया। कुछ ही समय में नजफगढ़ ट्रैफिक सर्कल के इंस्पेक्टर मूलचंद ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के जेई अनुज गुप्ता और एई अशोक मीणा ने मौके का निरीक्षण किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
इतना ही नहीं, विभाग की ओर से शिकायतकर्ता को सोशल मीडिया पर ही कार्रवाई की जानकारी और फीडबैक भी दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान में कई सप्ताह या महीने लग जाते थे, लेकिन अब सोशल मीडिया पर शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारी सक्रिय हो जाते हैं। इससे लोगों का सरकारी विभागों पर भरोसा भी बढ़ा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी का यह समन्वय आम नागरिकों के लिए राहत का कारण बन रहा है।
शिकायत पर तुरंत एक्शन, अधिकारियों की तत्परता की सराहना
शिकायतकर्ता नरेंद्र कुमार त्यागी ने ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी शिकायत को गंभीरता से लिया गया और बिना किसी देरी के कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने विशेष रूप से नजफगढ़ ट्रैफिक सर्कल के इंस्पेक्टर मूलचंद, पीडब्ल्यूडी के जेई अनुज गुप्ता और एई अशोक मीणा की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि सभी विभाग इसी तरह संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करें तो लोगों की कई समस्याएं समय रहते दूर हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से मिल रही त्वरित प्रतिक्रिया सरकारी व्यवस्था में बढ़ते सकारात्मक बदलाव का संकेत है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने भी लोगों से अपील की है कि सड़क, ट्रैफिक, स्पीड ब्रेकर या अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी विभाग की आधिकारिक सोशल मीडिया आईडी पर साझा करें, ताकि समय पर कार्रवाई कर नागरिकों को राहत दी जा सके।



Download Android App
Download iOS App




