Greenery Festival : पेड़ केवल हमारी विरासत नहीं हैं, बल्कि पक्षियों, पशुओं और आने वाली पीढ़ियों के जीवन का आधार भी हैं। इसलिए इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बात केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाली उत्सव पर बुधवार को दिल्ली रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड, सेंट्रल रिज में पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कहा। इस दौरान दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रवेश साहिब सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 70 लाख पौधरोपण का लक्ष्य इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे जनता की सक्रिय भागीदारी से हासिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ऐसे अभियानों में लोगों के भीतर स्वामित्व की भावना पैदा करती है और इन्हें दीर्घकालिक एवं टिकाऊ बनाती है। चौहान ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा पौधों की जियो-टैगिंग करने तथा पौधरोपण करने वाले लोगों को पेड़ के आकार, आयु और विकास से संबंधित नियमित जानकारी उपलब्ध कराने की पहल एक उत्कृष्ट अभियान है। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि पौधे केवल रोपित ही न जाएं, बल्कि जीवित रहें और स्वस्थ पेड़ों के रूप में विकसित हों।
शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि उनका संकल्प है कि जब तक सांस है, तब तक वे पेड़ लगाते रहेंगे। उन्होंने लोगों से पौधरोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नियमित रूप से पेड़ नहीं लगा सकता तो कम से कम अपने जन्मदिन पर एक पेड़ जरूर लगाए और प्रकृति के प्रति अपने ऋण को चुकाने का प्रयास करे। पीपल और बरगद जैसी प्रजातियां सैकड़ों वर्षों तक जीवित रहती हैं। चौहान ने देशभर में ‘वृक्ष मित्र परिवार’ बनाने का भी आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति के संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सकें।
अब तक लगभग 40.49 लाख पौधे लगाए गए: सिरसा
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली के मेगा पौधरोपण अभियान 2026 में 70 लाख पौधों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक लगभग 40.49 लाख पौधे लगाए हैं। इसके साथ ही दिल्ली ने पौधरोपण लक्ष्य का लगभग 58 प्रतिशत हासिल कर लिया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करते हुए सिरसा ने कहा कि हरियाली उत्सव के अवसर पर वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति दिल्ली के हरित क्षेत्र को बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के दिल्ली सरकार के संकल्प को और मजबूत करती है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हरियाली उत्सव पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होने पर आभार व्यक्त करते हुए सिरसा ने कहा कि लोगों को ‘वृक्ष मित्र’ बनाने और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का उनका प्रयास दिल्ली के जनभागीदारी अभियान के लिए प्रेरणास्रोत है। सिरसा ने कहा कि चौहान का ‘वृक्ष मित्र’ की श्रृंखला बनाने का संदेश जिसमें प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ लगाने के बाद पांच अन्य लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करे—पौधरोपण को देशव्यापी जनआंदोलन में बदल सकता है।



Download Android App
Download iOS App




