Video Viral : आउटर नॉर्थ जिले के समयपुर बादली थाना इलाके में रोड रेज का एक मामला सामने आया है, जिसमें दो बाइक सवारों ने एक रैपिडो चालक पर हेलमेट से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान गौरव कुमार और बादल के रूप में हुई। वीडियो वायरल
पुलिस के अनुसार, 8 जून को रोहिणी सेक्टर-18/19 मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर हुए विवाद के दौरान दो बाइक सवारों ने रैपिडो चालक को रोककर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने हेलमेट से हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
शिकायतकर्ता ने की दोनों आरोपियों की पहचान
डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर समयपुर बादली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल का पता लगाया।
वीडियो वायरल होने के बाद दोनों आरोपी छिप गए थे, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर उन्हें तलाश लिया। पुलिस ने दोनों को पकड़कर कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए हैं। शिकायतकर्ता ने भी दोनों आरोपियों की पहचान की है।
पुलिस का कहना है कि रोड रेज जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से सड़क पर संयम बरतने और किसी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें : https://www.punjabkesari.com/delhi-ncr-news/upon-seeing-the-police-the-woman-jumped-from-the-third-floor/


Download Android App
Download iOS App




