एयर इंडिया के विमान में एक व्यक्ति द्वारा बुजुर्ग महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब करने के मामले में इसके चालक दल के दो सदस्यों के सोमवार को पुलिस जांच में शामिल होने की संभावना है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस इस घटना के दौरान विमान में सवार अन्य यात्रियों के भी बयान लेने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने विमान के चालक दल के नौ सदस्यों को तलब किया था और उनमें से सात ने पहले ही अपने बयान दर्ज कराए हैं, जबकि शेष दो को रविवार को पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन वे शहर में मौजूद नहीं थे और उनके सोमवार को जांच में शामिल होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि यह चौंकाने वाली घटना 26 नवंबर, 2022 की है। एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-नयी दिल्ली उड़ान की ‘बिजनेस श्रेणी’ में सवार नशे में धुत एक यात्री ने करीब 70 वर्षीय एक महिला सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था। इस घटना के आरोपी शंकर मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है।


Download Android App
Download iOS App



