13 मई को राजधानी दिल्ली के मुंडका स्थित एक इमारत में भीषण आग लगी, जिसमें 27 लोगों की मौत हो गई। इन मौतों में ऑस्ट्रेलिया से आए पिता और बेटे की जोड़ी भी शामिल हैं। पिता और बेटे दोनों ही मोटिवेशनल स्पीकर थे। इनकी पहचान 62 वर्षीय कैलाश ज्ञानी और उनके बेटे 37 वर्षीय अमित ज्ञानी के रूप में हुई है। दोनों कोफे इम्पैक्स प्राइवेट लिमिटेड के मोटिवेशनल प्रोग्राम के लिए खास तौर पर आए थे।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी जिला) समीर शर्मा ने आईएएनएस को बताया, वे दोनों 13 मई को प्रोग्राम में मोटिवेशनल स्पीच देने के लिए ऑस्ट्रेलिया से आए थे। इस घटना में उनकी भी मौत हो गई है। कोफे इम्पैक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में लगभग 50 महिलाओं समेत लगभग 100 कर्मचारी थे, जो सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक 9 घंटे की वर्क शिफ्ट में काम करते थे।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिता और बेटे के शव की शिनाख्त सोने की चेन और उनके पहने हुए गहनों से की गई है। अभी डीएनए सैंपलिंग के जरिए पुष्टि होना बाकी है। समीर शर्मा ने कहा, उनके एक भाई, डीएनए सैंपल देने आज ऑस्ट्रेलिया से आ रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



