कर्ज के दबाव में आकर खुद ही रच दी अपहरण की कहानी

Summary :

Outer North District Crime News : आउटर नॉर्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज संदिग्ध अपहरण के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए लापता युवक को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव से परेशान होकर वह खुद ही घर छोड़कर चला गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार अभियान चलाकर युवक को कौशांबी मेट्रो स्टेशन बस स्टैंड के पास से तलाश कर उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि एसीपी दिनेश…

Outer North District Crime News : आउटर नॉर्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज संदिग्ध अपहरण के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए लापता युवक को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव से परेशान होकर वह खुद ही घर छोड़कर चला गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार अभियान चलाकर युवक को कौशांबी मेट्रो स्टेशन बस स्टैंड के पास से तलाश कर उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि एसीपी दिनेश कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर विश्वेंद्र चौधरी के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम ने मामले की जांच की। 3 अगस्त की रात करीब 9:10 बजे प्रशांत (35) के संदिग्ध अपहरण की सूचना मिली थी। उसके पिता सत्तन बाबू ने बताया कि प्रशांत दोपहर करीब 3:30 बजे ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम को उसने फोन कर बताया कि वह जल्द घर पहुंच जाएगा।

बता दें कि बाद में उसने बताया कि सेक्टर-28 रोहिणी के पास उसकी कार की एक बुजुर्ग दंपति की गाड़ी से हल्की टक्कर हो गई है और वह उन्हें उनके घर छोड़ने जा रहा है। कुछ देर बाद उसने अपने छोटे भाई को फोन किया, लेकिन कॉल के दौरान केवल “दीपू… दीपू… रुको…” शब्द सुनाई दिए और फोन अचानक कट गया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिवार को उसकी कार सेक्टर-28 से खेड़ा जाने वाली सड़क पर लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद अपहरण की आशंका में मामला दर्ज कराया गया।

मोबाइल की आखिरी लोकेशन से मिली लीड

जांच के दौरान स्पेशल स्टाफ ने मोबाइल की आखिरी लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद टीम ने करीब 150 होटल, धर्मशालाओं, बस स्टैंड और संभावित ठिकानों पर जांच-पड़ताल की तथा लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद प्रशांत को कौशांबी मेट्रो स्टेशन बस स्टैंड के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।

वहीं,  पूछताछ में प्रशांत ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से बेरोजगार था, लेकिन परिवार से यह बात छिपाकर रोज नौकरी पर जाने का नाटक करता था। इस दौरान उसने कई वित्तीय कंपनियों से ऋण भी ले रखा था। बेरोजगारी के कारण वह ईएमआई नहीं चुका पा रहा था और कर्ज के दबाव के साथ परिवार का सामना करने के डर से उसने खुद ही घर छोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Sumant Chaudhary