दक्षिणी दिल्ली : एक अज्ञात फोन ने गुरुवार की देर रात दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मचा दी। किसी अंजान शख्स ने एयरपोर्ट पर फोन कर बताया कि दुबई या सऊदी अरब जाने वाली विमान में एक महिला बम धमाका करने वाली है। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए। तुरंत ही बम स्क्वायड के साथ ही तमाम सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट के अंदर पहुंच गईं और दुबई और सऊदी अरब की ओर जाने वाले सभी विमानों का एक-एक कोना बारीकी से छाना गया।
हालांकि तलाशी के दौरान कोई भी बम जैसी वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद इसे झूठी कॉल करार दिया गया। बम नहीं होने की पूर्ण संतुष्टि होने के बाद विमानों को रवाना कर दिया गया और पुलिस की टीम फोन करने वाले नसरुद्दीन नामक शख्स की तलाश में जुट गई। पुलिस के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार की रात पौने नौ बजे के करीब नसरुद्दीन नामक किसी शख्स ने जिसने बताया कि वह चेन्नई से बोल रहा है।
उसने एयरपोर्ट प्रबंधन के क्रंटोल रूम में फोन कर बताया कि एक महिला जो चेन्नई से शाम को दिल्ली पहुंची है, वह दुबई या सऊदी अरब जाने वाले विमान में आधे घंटे में बम बिस्फोट करने वाली है और उसने विमान में बम लगा भी दिया है। कॉलर ने इसके बाद फोन काट दिया। तत्काल सूचना पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। तत्काल बम स्क्वायड की टीम अन्य टीमों के साथ एयरपोर्ट के अंदर पहुंच गई और एक-एक कर दुबई और साउदी अरब जाने वाले विमानों की बारीकी से तलाशी ली गई।
विमान की तलाशी के अलावा उन विमानों में सफर करने वाले यात्रियों के सामानों की भी बारीकी से जांच की गई। पूरी संतुष्टि होने के बाद विमानों को रवाना किया गया। पुलिस फोन करने वाले को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने के बाद से ही आतंकी हमले की खुफिया सूचना मिलने के बाद आईजीआई एयरपोर्ट को हाईअलर्ट पर रखा गया है। इसके लिए पूरे एयरपोर्ट की सुरक्षा को व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में अतिरिक्त पुलिस टीम को तैनात कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



