दिल्ली विधानसभा में ‘चावल घोटाले’ पर भारी हंगामा, आप विधायकों को मार्शल आउट

Summary :

Delhi Assembly : दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र के अंतिम दिन भी विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। मंगलवार को सदन शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी (आप) ने कथित तौर पर करोड़ों रुपए के चावल घोटाले को लेकर दिल्ली के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को बर्खास्त करने की मांग की। विरोध स्वरूप आप विधायकों ने विधानसभा परिसर में ‘चावल की दुकान’ लगाकर प्रदर्शन किया और सरकार से मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मंत्री सिरसा के खाद्य एवं…

Delhi Assembly : दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र के अंतिम दिन भी विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। मंगलवार को सदन शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी (आप) ने कथित तौर पर करोड़ों रुपए के चावल घोटाले को लेकर दिल्ली के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को बर्खास्त करने की मांग की। विरोध स्वरूप आप विधायकों ने विधानसभा परिसर में ‘चावल की दुकान’ लगाकर प्रदर्शन किया और सरकार से मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मंत्री सिरसा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग पर गंभीर आरोप लगे हैं। उनका आरोप है कि विभाग ने एफसीआई को असम स्थित एक नॉर्थ-ईस्ट कॉर्पाेरेशन को सब्सिडी वाला चावल देने की सिफारिश की थी। सब्सिडी वाला चावल, जो दिल्ली के गरीब और प्रवासी लोगों में बांटा जाना था, उसे हरियाणा की एक प्राइवेट कंपनी को ब्लैक मार्केट में बेच दिया गया और करोड़ों रुपए कमाए गए। दूसरी ओर, दिल्ली सरकार ने आप के पूरे आरोपों को खारिज कर दिया है।

सरकार की ओर से कहा गया कि राशन और चावल की व्यवस्था को लेकर लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं।उधर, विधानसभा परिसर में चावल की दुकान लगा प्रदर्शन कर रहे विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले सब्सिडी वाले चावल की खरीद और वितरण व्यवस्था में लगभग 22,000 करोड़ के घोटाले के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भ्रष्टाचार का सवाल नहीं, बल्कि यह गरीबों के हक और दिल्ली की जनता के पैसे से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। विपक्ष सदन से सड़क तक इस मुद्दे पर जवाबदेही और पारदर्शिता की लड़ाई लड़ता रहेगा। कुलदीप कुमार ने बताया कि मैं यह बात नहीं कह रहा हूं, बल्कि यह बात केंद्र सरकार के विजिलेंस विभाग ने कही है, जिसने इस मामले में अतिरिक्त आयुक्त अरुण झा को निलंबित किया है। मैं पूछना चाहता हूं कि अरुण झा तो निलंबित हो गए, लेकिन मंत्री सिरसा पर कब कार्रवाई होगी?

आप’ विधायकों को सदन से किया बाहर

हंगामे के बीच दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने आप के 8 विधायकों को सदन से बाहर करवा दिया। जिसमें संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार, सोम दत्त, अजय दत्त, वीरेंद्र कादियान, सुरिंदर कुमार और चौधरी जुबैर अहमद शामिल हैं। दोपहर के भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही आप के सदस्यों ने तख्तियां लेकर नारेबाजी शुरू कर दी और सिरसा के इस्तीफे की मांग की।

Sumant Chaudhary