Delhi Police Headquarter : दिल्ली पुलिस मुख्यालय का आदर्श ऑडिटोरियम उस वक्त राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से गूंज उठा, जब पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत गाया। दरअसल आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा 2026’ का आयोजन देशभर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ किया जा रहा है। इस वर्ष का अभियान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में समर्पित है।
इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। इस मौके पर स्पेशल सीपी नीरज ठाकुर, देवेश चंद्र श्रीवास्तव, अनिल शुक्ला, मनीष अग्रवाल, एचजीएस धालीवाल, अजय चौधरी, अतुल कटियार आदि शीर्ष अधिकारी व दिल्ली पुलिस के जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास और उसके महत्व पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को दोहराया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के सदस्यों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है। साथ ही, सामूहिक रूप से राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।



Download Android App
Download iOS App




