कार्टून के जरिए शीला-केजरी पर विजय गोयल का हमला

Summary :

विजय गोयल ने कहा कि यदि दोनों दलों के बीच गठबंधन होता है तो कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

नई दिल्ली : कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन को लेकर केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि यदि दोनों दलों के बीच गठबंधन होता है तो कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। यदि वे ऐसा नहीं करती हैं तो उन्हें अरविंद केजरीवाल द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों को स्वीकार कर लेना चाहिए।

गोयल ने कहा कि 2013 में केजरीवाल ने कहा था कि मैं 24 घंटे में शीला दीक्षित को जेल भेज दूंगा क्योंकि शीला दीक्षित कॉमनवेल्थ गेम्स, टैंकर घोटाले जैसे कई गंभीर भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त थीं। उनके विरुद्ध केजरीवाल ने छह फरवरी, 2014 को पार्लियामेंट थाने में एफआईआर भी कराई थी।

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि शीला दीक्षित अभी प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष हैं और यदि उनके नेतृत्व में समझौता होता है तो क्या केजरीवाल अपने उन गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों को वापस लेंगे या फिर शीला दीक्षित इस्तीफा देंगी। उन्होंने आगे कहा कि 95 फीसद कांग्रेसी कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को नहीं चाहते क्योंकि वे खुद कहते हैं कि आम आदमी पार्टी ज्यादा भ्रष्ट है।

उधर कांग्रेस के एक नेता कहते हैं कि हम दोनों भ्रष्ट हैं तो भाजपा को क्या कष्ट है। विजय गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने जो भ्रष्टाचार किए हैं, उनकी होली बुधवार को वे अपने निवास पर जलाएंगे।

विजय गोयल ने शीला दीक्षित को घेरा

Desk Team