नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शनिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह द्वारा बैलेट पेपर द्वारा चुनाव करवाने का फिर से राग अलापना यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल व उनकी आम आदमी पार्टी कितनी बौखलाई हुई है। आने वाले विधानसभा चुनावों से पूर्व ही अपनी हार सुनिश्चित जान कर हार के बहाने अभी से तलाशने शुरू कर दिए हैं। इन्हीं ईवीएम की बदौलत ही आम आदमी पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर विजय पाकर प्रचंड बहुमत प्राप्त किया था।
गुप्ता ने कहा कि लोकसभा चुनावों से पूर्व भी आम आदमी पार्टी सहित अलग-अलग राजनैतिक दलों ने चुनावी प्रक्रिया में ईवीएम के दुरुपयोग के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप था कि ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर चुनावों में मतदान के नतीजों को प्रभावित किया जा सकता है। भारत के चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी सहित सभी राजनैतिक दलों को चुनौती दी थी कि वे आएं और ईवीएम से छेड़छाड़ कर मतदान को प्रभावित करने के अपने आरोपों की साबित करें। लेकिन कोई भी दल अपने इन आरोपों को साबित करने के लिए सामने नहीं आया।
नेता विपक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग व सर्वोच्च न्यायालय दोनों ही ईवीएम की बजाए पेपर बैलेट से चुनाव करवाने की मांग को ठुकरा चुके हैं। टेक्नोलॉजिकल तरक्की के साथ देश पेपर लैस होने की तरफ अग्रसर हो रहा है। दिल्ली विधानसभा ने भी पेपर लैस होने की तरफ कदम बढ़ा दिया है। लेकिन इसके विपरीत सत्ताधारी आप पार्टी मैन्युअल सिस्टम की बात कर पुराने युग में लौटने की मांग कर रही है जो किसी भी तरह से जायज नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



